नशे में CNG गैस ट्रक दौड़ा रहा था चालक, इंटरसेप्टर ने पीछा कर पकड़ा

410 MG शराब का सेवन पाया गया, पुलिस को देखकर ट्रक रोकने के बजाय भागने की कोशिश; वाहन जब्त कर मामला न्यायालय भेजा

नशे में CNG गैस ट्रक दौड़ा रहा था चालक, इंटरसेप्टर ने पीछा कर पकड़ा

दुर्ग। यातायात पुलिस ने शराब के नशे में तेज रफ्तार और लापरवाही से CNG गैस ट्रक चलाने वाले चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। इंटरसेप्टर पेट्रोलिंग के दौरान चालक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस के संकेत के बावजूद उसने ट्रक नहीं रोका और तेज गति से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर लक्ष्मी पेट्रोल पंप के पास ट्रक को रोककर चालक को पकड़ लिया।

यातायात पुलिस के अनुसार, रविवार को इंटरसेप्टर वाहन से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ट्रक क्रमांक MP 37 ZL 4367 को चालक तेज गति से लहराते हुए और असुरक्षित तरीके से चलाता मिला। ट्रक में CNG गैस सिलेंडर रखे हुए थे।

पुलिस ने चालक को ट्रक रोकने का संकेत दिया, लेकिन उसने निर्देश की अनदेखी कर वाहन को आगे तेज गति से भगाने का प्रयास किया। इसके बाद इंटरसेप्टर टीम ने ट्रक का पीछा शुरू किया और लक्ष्मी पेट्रोल पंप के पास उसे रोक लिया।

ब्रिथ एनालाइजर में 410 MG शराब की पुष्टि

ट्रक रुकवाने के बाद चालक की ब्रिथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। यातायात पुलिस के मुताबिक जांच में चालक के शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई और 410 MG शराब की मात्रा दर्ज की गई।

पुलिस ने बताया कि CNG गैस जैसे ज्वलनशील पदार्थ ले जा रहे भारी वाहन को नशे की हालत में तेज गति और लापरवाही से चलाना गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता था। इससे चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और आम लोगों की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता था।

यातायात पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की और प्रकरण को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया।

कार्रवाई में ASI रेमन साहू, कांस्टेबल अंकित राय, साहिल खान और वरुण समासदार की भूमिका रही।