स्कूल पहुंची धमतरी पुलिस, विद्यार्थियों को दिया सुरक्षित जीवन का पाठ

यातायात नियम, नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा पर 200 से अधिक छात्रों को किया जागरूक

स्कूल पहुंची धमतरी पुलिस, विद्यार्थियों को दिया सुरक्षित जीवन का पाठ

धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस जिले में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी लगातार चला रही है। इसी कड़ी में नियमित पेट्रोलिंग के दौरान धमतरी यातायात पुलिस की टीम ग्राम डोमा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंची, जहां विद्यार्थियों के लिए यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति और साइबर जागरूकता विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू ने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की जानकारी देते हुए बताया कि अधिकांश हादसे यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही के कारण होते हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, स्टंटबाजी से बचने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानूनन अपराध है और इससे गंभीर दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। शराब, गुटखा, तंबाकू, सिगरेट और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी देते हुए उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

धमतरी पुलिस ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए छात्रों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। अधिकारियों ने फर्जी लिंक, ओटीपी शेयर करने के खतरे, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी सरल भाषा में दी।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि वे केवल स्वयं जागरूक न रहें, बल्कि अपने माता-पिता, भाई-बहनों और आसपास के लोगों को भी यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात, नशामुक्त जीवन और जिम्मेदार नागरिक बनने का सामूहिक संकल्प भी दिलाया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने व्यवहारिक और सरल तरीके से जवाब दिया। विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य रामानंद साहू, समस्त शिक्षकगण, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू, आरक्षक राजीव साहू तथा लगभग 200 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।