कबाड़ी दुकानों पर रेड: 1430 किलो संदिग्ध लोहा-टीन जब्त, 2 आरोपी जेल भेजे गए

कबाड़ी दुकानों पर रेड: 1430 किलो संदिग्ध लोहा-टीन जब्त, 2 आरोपी जेल भेजे गए

धमतरी पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर सख्ती दिखाते हुए दो कबाड़ी दुकानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में संदिग्ध लोहा-टीन जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई सिटी कोतवाली और अर्जुनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कबाड़ी दुकानों में चोरी का सामान खपाया जा रहा है।

कोतवाली थाना क्षेत्र के रतन कॉलोनी, दानी टोला स्थित दुकान में दबिश के दौरान 620 किलो लोहा, जिसमें एंगल, पाइप, जाली और राइस मिल का सामान शामिल है, बरामद किया गया। इसकी कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई गई है। दुकान संचालक नविद परवेज वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं अर्जुनी थाना क्षेत्र के कोलियारी बाजार चौक स्थित दुकान से 810 किलो लोहा और टीन जब्त किया गया। इसमें छड़, राड़, एंगल और पाइप शामिल हैं, जिसकी कीमत करीब 24,300 रुपये आंकी गई। यहां से आरोपी दर्शन सिंह ध्रुव को गिरफ्तार किया गया।

दोनों मामलों में पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस और अन्य प्रतिबंधक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। कुल मिलाकर दोनों जगहों से 1430 किलो संदिग्ध सामग्री जब्त की गई है। पुलिस अब इस सामान के असली मालिकों का पता लगाने में जुटी है।

आरोपीगण के नाम :-

(01) दर्शन सिंह ध्रुव, पिता स्व. गोपाल ध्रुव, उम्र 40 वर्ष, निवासी मकेश्वर वार्ड धमतरी, थाना सिटी कोतवाली धमतरी, जिला धमतरी (छ.ग.)

(02) नविद परवेज, पिता इमामुद्दीन, निवासी दानी टोला धमतरी, थाना सिटी कोतवाली धमतरी