गांजा तस्करी: 33.53 लाख रुपए की 55 किलो माल के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
ओडिशा से महाराष्ट्र जा रही खेप पकड़ी, डस्टर कार और मोबाइल समेत 33.53 लाख की जब्ती

धमतरी। नशे के कारोबार पर कार्रवाई तेज करते हुए धमतरी पुलिस ने एक बार फिर अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। सांकरा चेक पोस्ट पर सघन जांच के दौरान पुलिस ने करीब 55 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 33 लाख 53 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

मामला 4 मई 2026 का है। सिहावा थाना क्षेत्र के सांकरा नाके पर चेकिंग के दौरान मैनपुर की ओर से आ रही एक रेनॉल्ट डस्टर (MH 45 AD 9001) को रोका गया। वाहन में सवार तीन संदिग्धों से पूछताछ के बाद डिक्की की तलाशी ली गई, जिसमें 38 पैकेटों में भरा 54 किलो 970 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 27.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे यह गांजा बलांगीर (ओडिशा) से खरीदकर नासिक (महाराष्ट्र) ले जा रहे थे।
जब्त सामग्री:
- 54.970 किलो गांजा - ₹27.50 लाख
- रेनॉल्ट डस्टर - ₹5 लाख
- 4 मोबाइल - ₹1.03 लाख
कुल जब्ती: ₹33.53 लाख
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के नासिक और अहमदनगर जिले के रहने वाले युवकों के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

यह कार्रवाई इसलिए भी अहम है क्योंकि करीब 15 दिन पहले इसी सांकरा नाके पर पुलिस ने 127 किलो गांजा की बड़ी खेप पकड़ी थी। उस समय करीब 72.71 लाख रुपये की जब्ती हुई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि ओडिशा से महाराष्ट्र तक फैले तस्करी नेटवर्क पर पुलिस का दबाव बढ़ रहा है।
आरोपीगण का विवरण-
(01) अमोल अरुण ओढे़कर पिता अरुण परशुराम ओढेंकर उम्र 33 वर्ष साकिन देवी मंदिर रोड शिंदे थाना नासिक रोड जिला नासिक महाराष्ट्र
(02) तनिष गायकवाड पिता बाबा साहेब गायकवाड उम्र 19 वर्ष साकिन श्रीरामपुर थाना श्रीरामपुर जिला अहमदनगर महाराष्ट्र
(03) ऋषिकेश पिता भाउ साहेब सिरसाट उम्र 23 वर्ष साकिन राहाता,थाना राहाता ,जिला अहमदनगर महाराष्ट्र
