दुर्ग पुलिस लाइन में शस्त्र पूजा, वाहनों का पूजन कर किया हवन
एसएसपी विजय अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने की पूजा-अर्चना, ब्लैंक कारतूसों से हुई औपचारिक फायरिंग












दुर्ग। विजयादशमी के अवसर पर दुर्ग पुलिस लाइन में मंगलवार, 20 अक्टूबर को परंपरानुसार शस्त्र पूजा, वाहन पूजन एवं हवन का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पुलिस विभाग के शस्त्रों और वाहनों का पूजन किया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग की परंपरा, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई दी।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी विजय अग्रवाल की उपस्थिति में विधि-विधान से हवन संपन्न कराया गया। इसके बाद पुलिस विभाग के शस्त्रों की पूजा की गई। साथ ही पुलिस लाइन में उपलब्ध विभागीय वाहनों और राजपत्रित अधिकारियों के शासकीय वाहनों का भी पूजन-अर्चन किया गया।
शस्त्र पूजा और हवन संपन्न होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ब्लैंक कारतूसों से औपचारिक फायरिंग की गई। यह आयोजन पुलिस विभाग की प्रतिवर्ष निभाई जाने वाली परंपरा का हिस्सा है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल सहित राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के व्यवस्थित आयोजन में पुलिस लाइन के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
