गाता रहे मेरा दिल से गूंजा हुडको कालीबाड़ी, सुरों की महफिल में झूमे संगीत प्रेमी
महाष्टमी पर सुबह से मां दुर्गा की पुष्पांजलि के लिए उमड़े श्रद्धालु
















भिलाई। शारदीय दुर्गोत्सव के अवसर पर हुडको स्थित रबिन्द्र निकेतन कालीबाड़ी में भक्ति और संगीत का खूबसूरत संगम देखने को मिला। यहां आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘म्यूजिकल नाइट : गाता रहे मेरा दिल’ में कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज से समां बांध दिया। वहीं, सोमवार को महाष्टमी के अवसर पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
रबिन्द्र निकेतन कालीबाड़ी में आयोजित म्यूजिकल नाइट में मौऊ दत्ता, पीटी उल्लास, सुमीता सरकार और देबब्रात रॉय ने सुमधुर गीतों की प्रस्तुति दी। कलाकारों की सुरीली आवाज और मधुर संगीत ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। ‘गाता रहे मेरा दिल’ की संगीतमय शाम ने दुर्गोत्सव के उत्साह को और बढ़ा दिया। संगीत प्रेमियों ने गीतों का आनंद लेते हुए इस सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाया।
सोमवार सुबह महाष्टमी के अवसर पर कालीबाड़ी में धार्मिक उत्साह चरम पर रहा। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन करने और पुष्पांजलि अर्पित करने मंदिर पहुंचे। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। मां दुर्गा के दर्शन और पुष्पांजलि के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच भोग प्रसाद का वितरण किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर मां का आशीर्वाद लिया। धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण रबिन्द्र निकेतन कालीबाड़ी में दुर्गोत्सव की रौनक देखते ही बनी। महाष्टमी के अवसर पर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव और भिलाई नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा भी रबिन्द्र निकेतन कालीबाड़ी पहुंचे। दोनों ने मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। दुर्गोत्सव के दौरान कालीबाड़ी में श्रद्धालुओं की मौजूदगी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना दिया।
