भिलाई निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय को भावभीनी विदाई, अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी शुभकामनाएं


नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के अपर आयुक्त, उच्च शिक्षा विभाग, नवा रायपुर के पद पर स्थानांतरण होने पर निगम परिवार ने होटल अमित पार्क इंटरनेशनल में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में आयुक्त राजीव कुमार पांडेय अपने परिवार के साथ शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि निगम की सभी बड़ी विकास परियोजनाओं को जिम्मेदारी के साथ समय पर पूरा किया जाए ताकि शहरवासियों को उनका लाभ मिल सके। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, निर्माणाधीन स्विमिंग पूल, नालंदा परिसर, हॉर्स राइडिंग प्रोजेक्ट, स्केटिंग ट्रैक और रेलवे किनारे बायपास रोड जैसी प्रमुख परियोजनाओं का विशेष उल्लेख किया।
अपने संबोधन में उन्होंने जनप्रतिनिधियों, शहरवासियों तथा निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग मिलने पर आभार व्यक्त किया। साथ ही कार्य के दौरान अनजाने में हुई किसी भी त्रुटि के लिए खेद भी प्रकट किया।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, उपायुक्त डी.के. कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, येशा लहरे, कुलदीप गुप्ता सहित निगम के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने आयुक्त के कार्यों की सराहना करते हुए उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
