लगभग 4 क्विंटल मादक पदार्थों का नष्टीकरण, धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

एनडीपीएस एक्ट के 18 मामलों में जब्त 388.392 किलो नशीले पदार्थ नष्ट

लगभग 4 क्विंटल मादक पदार्थों का नष्टीकरण, धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रकरणों में जब्त 388.392 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में संपन्न हुई। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडे की अध्यक्षता में गठित समिति, पुलिस विभाग, आबकारी विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में नष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।

जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली धमतरी, अर्जुनी, भखारा, बिरेझर, केरेगांव और सिहावा थाना क्षेत्रों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के कुल 18 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। यह पूरी प्रक्रिया एनडीपीएस अधिनियम, न्यायालयीन निर्देशों और वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप संपन्न हुई। नष्टीकरण के लिए ग्राम बंजारी स्थित मेसर्स रूपगढ़ पॉवर एण्ड एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड का चयन किया गया था। कार्रवाई से पहले छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल रायपुर और ग्राम पंचायत बंजारी से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए गए। इसके बाद पर्यावरणीय सुरक्षा मानकों और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण कराया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जप्त मादक पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, सत्यापन, अभिलेखीकरण और नष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति द्वारा नियमानुसार जांच के बाद पूरी की गई। धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। यह कार्रवाई न केवल न्यायिक प्रक्रिया के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण है, बल्कि नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार, तस्करी या इससे जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।