महिला से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

महिला से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। महिला से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में धमतरी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। चौकी बिरेझर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 22 मई 2026 को चौकी बिरेझर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 मई 2026 को आरोपी कृष्ण कुमार तिवारी उर्फ रिंकु तिवारी (39 वर्ष), निवासी ग्राम बरूई (कुटीवा), थाना कोतवाली देहात, जिला सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) ने उसके घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म किया था।

शिकायत दर्ज होने के बाद चौकी बिरेझर पुलिस ने गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। महिला पुलिस अधिकारी द्वारा बयान दर्ज किए गए तथा न्यायालयीन कथन सहित अन्य आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की गईं।

पुलिस ने लगातार आरोपी की तलाश जारी रखी। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पता लगाया गया और उसे चौकी बिरेझर बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य और अन्य सामग्री जब्त कर वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजी है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।