सेक्टर-10 में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया, नाबालिग सहित तीन गिरफ्तार, कबाड़ी भी पुलिस गिरफ्त में

सेक्टर-10 में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया, नाबालिग सहित तीन गिरफ्तार, कबाड़ी भी पुलिस गिरफ्त में

भिलाई। सेक्टर-10 क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए भिलाई नगर पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-10 के विभिन्न घरों से छोटी-छोटी चोरियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में थाना भिलाई नगर में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अंशुल सैनी और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले अमन साव को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एसी के आउटर यूनिट, चोरी का सामान ढोने में इस्तेमाल की गई मालवाहक गाड़ी तथा चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4.14 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • अंशुल सैनी (20 वर्ष), निवासी सेक्टर-10, भिलाई नगर
  • अमन साव (22 वर्ष), निवासी गौतम नगर, सुपेला

जब्त सामग्री

  • 02 एसी आउटर यूनिट
  • मालवाहक वाहन
  • चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
  • कुल जब्त संपत्ति मूल्य लगभग 4.14 लाख रुपये