शराब के नशे में जमीन पर सो गए जवान, इंसास राइफल को लावारिस हालत में छोड़ा, एसपी ने दुर्ग के 2 जवान को किया निलंबित

अंबिकापुर के नए बस स्टैंड पर पुलिस की वर्दी में शराब पीने और एक अन्य व्यक्ति को छोड़कर जमीन पर सोने का मामला, दुर्ग एसपी ने आरक्षक और सजनी को तत्काल प्रभाव से किया निलंबित;

शराब के नशे में जमीन पर सो गए जवान, इंसास राइफल को लावारिस हालत में छोड़ा, एसपी ने दुर्ग के 2 जवान को किया निलंबित

दुर्ग। पुलिस की वर्दी में शराब का सेवन कर अनुशासनहीनता बरतने के मामले में दुर्ग पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई की है। अंबिकापुर के नए बस स्टैंड पर पुलिस की वर्दी में शराब पीने और जमीन पर सोते पाए जाने के मामले में दुर्ग जिले के एक सजनी जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक क्रमांक 1223 ऋषिकांत त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों पुलिसकर्मियों को मुलजिम पेशी ड्यूटी के लिए 17 अक्टूबर 2026 को जिला सरगुजा भेजा गया था। घटना 18 अक्टूबर को शाम करीब 5:40 बजे की बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला दुर्ग से जारी आदेश के अनुसार, सजनी जीवन प्रकाश एक्का एवं आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को मुलजिम पेशी ड्यूटी के लिए सरगुजा जिले में भेजा गया था। इसी दौरान 18 अक्टूबर को अंबिकापुर के नए बस स्टैंड पर दोनों पुलिसकर्मियों के पुलिस की वर्दी में शराब का सेवन करने की जानकारी सामने आई। आदेश में उल्लेख है कि दोनों ने इंसास राइफल को छोड़कर जमीन पर सोते हुए पाए जाने जैसी गंभीर लापरवाही की।

मामले को पुलिस विभाग की अनुशासन व्यवस्था और ड्यूटी के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए दुर्ग पुलिस अधीक्षक ने दोनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। जारी आदेश के मुताबिक, सजनी जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक क्रमांक 1223 ऋषिकांत त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दुर्ग स्थित रिजर्व केंद्र में संबद्ध किया गया है।

पांच दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देने के निर्देश

निलंबन आदेश में संबंधित अधिकारियों को घटना की प्रारंभिक जांच पूरी कर पांच दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की प्रति संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। साथ ही, निलंबन अवधि के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

पुलिस अनुशासन पर उठे सवाल

पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की होती है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान वर्दी में शराब सेवन और हथियार को छोड़कर लापरवाही बरतने का मामला गंभीर माना जा रहा है। विभाग ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई कर मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय होगी।