भिलाई में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटर चेतन चंदेल गिरफ्तार

भिलाई। थाना छावनी पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कैम्प-2 क्षेत्र के निवासी चेतन चंदेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ऑनलाइन माध्यम से रुपए-पैसों का दांव लगाकर अवैध सट्टा संचालन करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को सूचना मिली थी कि कसाई नहर किनारे कुएं के पास, कैम्प-2 भिलाई में कुछ लोग ऑनलाइन सट्टे का अवैध कारोबार संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों आतिश गौर (30) और नियाज अहमद (40) को पकड़ा। उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।

प्रारंभिक जांच और आरोपियों के मेमोरेंडम बयान में चेतन चंदेल का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने बैकुंठ धाम, राष्ट्रीय विद्यालय के पास रहने वाले चेतन चंदेल (35) की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक चेतन चंदेल के खिलाफ पहले भी जुआ, सट्टा, मारपीट और छेड़छाड़ सहित करीब 9 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह जिला बालोद के दो बलवा प्रकरणों में भी संलिप्त रह चुका है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) तथा बीएनएस की धारा 112 के तहत कार्रवाई की है। मामले की पूरी कार्रवाई में थाना छावनी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
