वार्षिक निरीक्षण में आईजी ने परेड, शाखाओं और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

वार्षिक निरीक्षण में आईजी ने परेड, शाखाओं और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

दुर्ग पुलिस के वार्षिक निरीक्षण के तहत रक्षित केंद्र में पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने व्यापक निरीक्षण करते हुए परेड, विभिन्न शाखाओं और पुलिस व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, अनुशासन और संसाधनों की स्थिति की गहन समीक्षा की गई।

निरीक्षण की शुरुआत वार्षिक परेड से हुई, जिसमें आईजी ने सलामी लेकर जवानों के टर्नआउट, स्वास्थ्य और अनुशासन का परीक्षण किया। साथ ही पुलिस बल को फिटनेस बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कृत भी किया गया। इसके बाद वाहन शाखा का निरीक्षण कर एमटी परेड ली गई। इस दौरान पुलिस वाहनों की स्थिति, रखरखाव और उपयोगिता की जांच की गई। खास बात यह रही कि पहली बार परेड में ड्रोन यूनिट का प्रदर्शन किया गया, जिसमें जिले में उपलब्ध दो ड्रोन की कार्यक्षमता का अवलोकन किया गया।

आईजी ने रक्षित केंद्र और पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का भी निरीक्षण किया और अभिलेखों व व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पुलिस दरबार का आयोजन कर अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित निराकरण के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। अपने संबोधन में आईजी अभिषेक शांडिल्य ने पुलिस बल को प्रोफेशनल, अनुशासित और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के साथ-साथ स्वास्थ्य और फिटनेस पर विशेष ध्यान देने की बात कही। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने टीम वर्क, समन्वय और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम जनता के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौड़, एएसपी यातायात रिचा मिश्रा, एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।