अग्निकांड में साहस दिखाने वाले फायर व होमगार्ड कर्मियों का सम्मान

अग्निकांड में साहस दिखाने वाले फायर व होमगार्ड कर्मियों का सम्मान

दुर्ग जिले में भीषण आग पर काबू पाकर बड़ी जनहानि टालने वाले फायर और होमगार्ड के जवानों को पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान 29 मार्च 2026 की रात हुए अग्निकांड में उनके साहसिक और त्वरित कार्रवाई को देखते हुए दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, 29 मार्च की रात करीब 11 बजे मार्केट क्षेत्र में एक जूते-चप्पल की दुकान में भीषण आग लग गई थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और हालात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टेंडर और संसाधन बुलाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। कार्रवाई के दौरान जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह मौके पर मौजूद रहे और पूरे राहत-बचाव कार्य का नेतृत्व किया। उनके मार्गदर्शन में टीमों का सही तरीके से विभाजन किया गया, जिससे आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोका जा सका।

फायर और होमगार्ड के जवानों ने जोखिम उठाते हुए आग पर नियंत्रण पाया और आसपास के प्रतिष्ठानों को सुरक्षित रखा। इस दौरान उनकी तत्परता और समन्वय से बड़ा नुकसान टल गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, उनमें नागेंद्र कुमार सिंह (जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी), संतोष पाण्डेय (प्रधान आरक्षक), एफ. प्रवीण बारा (सहायक फायर प्रभारी), धनसुख यादव (वाहन चालक), संतोष मडकिया, उमाशंकर, कुलदीप सिंह, पप्पा भारद्वाज, घनश्याम यादव (फायरमैन), राजूलाल, टीकेश्वर, कमलेश, नितिन रामटेके, रमेश कुमार, हरीश कुमार एवं कन्हैया यादव शामिल हैं।