नशीली टेबलेट बेचते आदतन आरोपी गिरफ्तार, 1.20 लाख की दवाई जब्त

दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 1.20 लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और नकदी जब्त की गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आर्य नगर स्थित पुरानी टंकी के पास एक व्यक्ति नशीली टेबलेट बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों के साथ मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रांजल यादव (25 वर्ष), निवासी शंकर नगर, दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से करीब 15 मामले दर्ज हैं।

आरोपी के पास से 300 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट (Rlam 0.5) और बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नगद बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1,20,300 रुपये आंकी गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 22 और 27(क) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
