अवैध कबाड़ परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 88 टन स्क्रैप जब्त

अवैध कबाड़ परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 88 टन स्क्रैप जब्त

रायगढ़। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 48 घंटों में तीन थाना क्षेत्रों में अवैध कबाड़ परिवहन का खुलासा किया है। अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने चार ट्रक और अल्ट्रा वाहनों से करीब 88 टन लोहे का स्क्रैप जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 28 लाख 69 हजार रुपये है, जबकि कार्रवाई में जब्त वाहनों की कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल मिलाकर करीब 68 लाख 69 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में 15 मार्च को मुखबिर सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में गेरवानी चौक पर 18 चक्का ट्रक को रोककर जांच की गई। जांच में ट्रक में करीब 31 टन लोहे का एंगल, छड़ और मशीनरी पार्ट्स का स्क्रैप मिला, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई। इस मामले में चालक नितीश कुमार, निवासी जिला भोजपुर बिहार के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसी क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पत्थलगांव से रायगढ़ की ओर जा रहे एक 6 चक्का अल्ट्रा वाहन को रोककर जांच की। वाहन में करीब 12 टन लोहे का स्क्रैप मिला। चालक मोहम्मद जांहगीर अंसारी, निवासी जिला लोहरदगा झारखंड, कबाड़ परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिस पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। वहीं कोतरारोड़ पुलिस ने भी रात्री गश्त के दौरान कोसमनारा तिराहा में नाकेबंदी कर 12 चक्का ट्रक को रोका। जांच में ट्रक में करीब 19 टन लोहे के छड़ के टुकड़े और कबाड़ पाया गया। चालक मनोज यादव, निवासी जिला सारण बिहार, माल के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने करीब 5 लाख 70 हजार रुपये कीमत का स्क्रैप और ट्रक जब्त कर कार्रवाई की।