मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी, 16 आईफोन और नकदी पार | सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। चोर दुकान से 16 आईफोन और नकदी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामला शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान का है। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक ने बताया कि 9 मार्च की रात करीब साढ़े नौ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे।

अगली सुबह करीब 10 बजे जब उन्होंने दुकान खोली तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान के शोकेस और काउंटर अस्त-व्यस्त थे और कई मोबाइल गायब थे। जांच में पता चला कि चोर दुकान की दूसरी मंजिल के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसा और नीचे स्थित दुकान से 16 आईफोन और काउंटर की दराज में रखे करीब 30 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 13 लाख 39 हजार रुपये बताई जा रही है।

इस मामले में रायगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है। शशिमोहन सिंह के निर्देश पर संदिग्ध की तस्वीरें जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी भेजी गई हैं। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।