ऑनलाइन डराकर करोड़ों ठगने वाले गैंग का सरगना पुलिस के हत्थे चढ़ा

ऑनलाइन डराकर करोड़ों ठगने वाले गैंग का सरगना पुलिस के हत्थे चढ़ा

रायपुर। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में मुख्य आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया है।

दरअसल पीड़ित सपन कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल कर खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया गया। आरोपियों ने कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज है। इसी बात से डराकर उन्हें लगातार व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर जोड़े रखा गया और कथित “डिजिटल अरेस्ट” में रखते हुए करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपए की ठगी कर ली गई।

मामले में थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 22/26 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस और 66(D) आईटी एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपियों तक पहुंचने के निर्देश दिए। जांच के दौरान सामने आया कि ठगी की रकम कई बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन खातों को चिन्हित कर रकम होल्ड करा दी। कानूनी प्रक्रिया के बाद अब तक करीब 58 लाख रुपए की राशि पीड़ित को वापस भी दिलाई जा चुकी है, जबकि बाकी रकम से जुड़े खातों पर आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस जांच में मुख्य आरोपी की पहचान सोमनाथ महतो के रूप में हुई। घटना के बाद वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस टीम दिल्ली और हरियाणा भेजी गई। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने उसे गुड़गांव, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।