सिंधियानगर में बिना अनुमति पेड़ काटे जाने का मामला, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

सिंधियानगर में बिना अनुमति पेड़ काटे जाने का मामला, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

दुर्ग। शहर के सिंधीपारा वार्ड 21 तितुरडीह क्षेत्र में पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद सामने आया है। स्थानीय रहवासी सुबीर रॉय और नीलांचल डे ने तहसीलदार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि दुर्गाबाड़ी मैदान परिसर स्थित दुर्गा मंदिर के आसपास सड़क किनारे लगे पेड़ों को बिना अनुमति काटा जा रहा है।

शिकायत में बताया गया है कि 13 मार्च की दोपहर करीब 3 बजे मंदिर परिसर के चारों ओर और सड़क किनारे लगे कई पेड़ों को कथित तौर पर मंदिर समिति द्वारा कटवाया गया। रहवासियों का कहना है कि यह कार्य बिना किसी वैधानिक अनुमति के किया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार ये पेड़ पिछले करीब 50 वर्षों से क्षेत्र के पर्यावरण संतुलन में अहम भूमिका निभा रहे थे। पेड़ों की कटाई से इलाके के पर्यावरण और हरियाली पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है। रहवासियों ने मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को भी दी है और प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर, मुख्य वन संरक्षक और मोहन नगर थाना को भी भेजी गई है।