अवैध खनन पर सख्ती: एक हफ्ते में 27 वाहन जब्त, रेत से भरे ट्रैक्टर–हाईवा पकड़े गए






रायगढ़। जिले में रेत और अन्य खनिजों के अवैध खनन पर अब सख्ती शुरू हो गई है। खनिज विभाग ने विशेष अभियान चलाकर एक सप्ताह के भीतर 27 वाहनों को जब्त किया है। इन वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर और संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया है।

विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि रेत की तस्करी खुलेआम हो रही है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अचानक जांच शुरू की। कोतरा रोड, भूपदेवपुर और पुसौर इलाके में कार्रवाई के दौरान रेत से लदे ट्रैक्टर और हाईवा पकड़े गए।

जांच में कुल 20 रेत से भरे ट्रैक्टर, 2 रेत लदे हाईवा, 3 मिट्टी और मुरूम से भरे ट्रैक्टर और 2 चूनापत्थर से लदे हाईवा जब्त किए गए। सभी वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर के साथ थाना कोतरा रोड, भूपदेवपुर, पूंजीपथरा और पुसौर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।

खनिज विभाग ने परिवहनकर्ताओं के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान-खनिज (विकास-विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 और 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।