होली से पहले दुर्ग पुलिस का बड़ा एक्शन: सोशल मीडिया पर हथियार दिखाने वाले 27 चिन्हित, 2 पर आर्म्स एक्ट में केस

होली से पहले दुर्ग पुलिस का बड़ा एक्शन: सोशल मीडिया पर हथियार दिखाने वाले 27 चिन्हित, 2 पर आर्म्स एक्ट में केस

दुर्ग। होली के पहले दुर्ग पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में कुल 27 लोगों की पहचान की गई, जिन्होंने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से धारदार हथियार मंगाकर उनके साथ फोटो और वीडियो पोस्ट किए थे।

पुलिस के मुताबिक, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म की मॉनिटरिंग तकनीकी सेल और एसीसीयू की मदद से की गई। जांच में सामने आया कि कुछ लोग ऑनलाइन हथियार मंगाकर खुलेआम सोशल मीडिया पर प्रदर्शन कर रहे थे। इससे आम लोगों में भय का माहौल बन रहा था।

कार्रवाई के दौरान थाना छावनी में दो आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। बाकी मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने दो धारदार हथियार भी जब्त किए हैं।

नाबालिगों द्वारा डाले गए आपत्तिजनक पोस्ट के मामलों में उनके अभिभावकों को थाने बुलाकर समझाइश दी गई और संबंधित पोस्ट हटवाए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चिन्हांकन इस तरह रहा – छावनी में 6, मोहन नगर में 4, जामुल में 3, कोतवाली दुर्ग और मोहन नगर में 2-2, जबकि सुपेला, भिलाई नगर, नेवई, पुरानी भिलाई, उतई, नंदिनी नगर और धमधा में 1-1 व्यक्ति चिन्हित किए गए।

इसके अलावा करीब 300 लोगों को अवैध धारदार हथियार न खरीदने और सोशल मीडिया पर ऐसे प्रदर्शन से बचने की सख्त हिदायत दी गई है।