बहन की शादी से पहले सड़क दुर्घटना में छोटे भाई की मौत, बड़ा गंभीर

बहन की शादी से पहले सड़क दुर्घटना में छोटे भाई की मौत, बड़ा गंभीर

भिलाई। धमधा थाना क्षेत्र से एक ऐसी खबर आई है जिसने पूरे गांव को झकझोर दिया। बहन की शादी के एक दिन पहले ही सड़क हादसे में छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल है।

घटना ग्राम बरहापुर की है। जानकारी के मुताबिक जगन्नाथ साहू और रोहित साहू बाइक से धमधा की ओर जा रहे थे। खैरागढ़ मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रोहित साहू को मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई जगन्नाथ साहू की हालत नाजुक होने पर उन्हें दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

सबसे दर्दनाक बात यह है कि 20 फरवरी को बरहापुर गांव में साहू समाज का सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित है। इसी समारोह में उनकी बहन की भी शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन एक पल में खुशियां मातम में बदल गईं। धमधा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है। फरार वाहन की तलाश की जा रही है।