विधायक देवेंद्र यादव के जन्मदिन पर श्रमिक बस्ती में बच्चों को बांटी पाठ्य सामग्री, शिक्षा जागरूकता का दिया संदेश

भिलाई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव का जन्मदिन इस बार अलग अंदाज में मनाया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक 4 ने सेक्टर-6 स्थित श्रमिक बस्ती में बच्चों के बीच पहुंचकर मिठाई वितरित की और उन्हें पाठ्य सामग्री भेंट की।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद सौरभ दत्ता ने कहा कि जन्मदिन को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर उसे सामाजिक सरोकार से जोड़ना जरूरी है। बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना ही इस आयोजन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि विधायक देवेंद्र यादव ने सर्वहारा वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले, इसके लिए शासकीय स्कूलों के स्तर में सुधार और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई के लिए आत्मानंद स्कूलों की पहल की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को कॉपी, पेन और अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि समाज की उन्नति और विकास का आधार साक्षरता है, इसलिए जरूरतमंद बच्चों को प्रोत्साहित करना हर जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर नगर पालिका निगम भिलाई के सभापति बंटी साहू, पार्षद साकेत चंद्राकर, सतीश सोनकर, गजेंद्र साहू, हीरा शंकर साहू, संजीव साहू, विनोद यादव, राकेश ठाकुर, सनी, राजेश प्रसाद, अभी साहू, शशि पांडा सहित बड़ी संख्या में बच्चे और वार्डवासी मौजूद थे।
