मैकेनिक निकला बाइक चोर, गाड़ियां काटकर कबाड़ियों को बेचता था

मैकेनिक निकला बाइक चोर, गाड़ियां काटकर कबाड़ियों को बेचता था

दुर्ग। पद्मनाभपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लगभग 7 लाख रुपये कीमत के दोपहिया वाहन और उनके कटे हुए पार्ट्स जप्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 542/2025 की विवेचना के दौरान यह सामने आया कि मुख्य आरोपी विजय देवांगन (36 वर्ष) पिछले करीब 15 वर्षों से मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम कर रहा था। अपने तकनीकी अनुभव का फायदा उठाकर वह अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करता था।

चोरी के बाद वाहन सीधे घर ले जाए जाते थे। वहां हेक्जा ब्लेड जैसे औजार से गाड़ियों को काटकर उनके लोहे और एल्युमिनियम के पार्ट्स अलग किए जाते थे। बाद में इन्हें फेरीवालों और स्थानीय कबाड़ियों के माध्यम से बेचा जाता था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अन्य सहयोगियों सोनू गुप्ता (28 वर्ष), उमेश गुप्ता (24 वर्ष) और मोहम्मद खान (57 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इनके कब्जे से चोरी की हीरो डीलक्स, एक्टिवा स्कूटी सहित विभिन्न दोपहिया वाहनों के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने कुल 10 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया है। इनमें थाना पद्मनाभपुर, सिटी कोतवाली दुर्ग और मोहन नगर क्षेत्र के मामले शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।