बंद मकान में चोरी का खुलासा, महिला आरोपी गिरफ्तार, 3.42 लाख की जप्ती

बंद मकान में चोरी का खुलासा, महिला आरोपी गिरफ्तार, 3.42 लाख की जप्ती

दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र में बंद मकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नगद राशि मिलाकर कुल ₹3,42,600 की जप्ती की गई है।

पुलिस के अनुसार 12 जनवरी से 17 जनवरी 2026 के बीच एक सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपियों ने अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवर तथा नगद रकम पार कर दी। मामले में अपराध क्रमांक 118/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर जागेश्वरी मार्कण्डे (26 वर्ष), निवासी नवापारा, शीतला मंदिर के पास, दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में महिला ने अपने पति के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी के कब्जे से चोरी गए आभूषण और नगद राशि बरामद की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹3,42,600 बताई गई है। पुलिस ने विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया।

मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।