बोरसीभाठा के जरूरतमंद बच्चों को ठंड से राहत, दिशा संस्था ने वितरित किए ऊनी स्कार्फ और ग्लव्स

बोरसीभाठा के जरूरतमंद बच्चों को ठंड से राहत, दिशा संस्था ने वितरित किए ऊनी स्कार्फ और ग्लव्स

भिलाई। भिलाई की सामाजिक संस्था “दिशा” ने मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए बोरसी की श्रमिक बस्ती में जरूरतमंद बच्चों और परिवारों के लिए सेवा कार्य का आयोजन किया। सेवा कार्यक्रम के तहत शासकीय प्राथमिक शाला, बोरसीभाठा (संकुल हनोद) में अध्ययनरत बच्चों को ठंड से बचाव हेतु ऊनी स्कार्फ और दस्ताने वितरित किए गए।

इस पहल में संस्था के सदस्यों सुजीत चक्रवर्ती, राजेश धारकर, जी.एस. संधू, बापी दास, देबाशीष मजूमदार, कल्याण राय, भास्कर देवनाथ, उत्तम डे, नरसिम्हा राव, अजय दुबे और के.सी. राव की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम की सबसे खास बात रही संस्था की महिला सदस्यों की भागीदारी। श्रीमती रीता दास, श्रीमती सुधा और श्रीमती लक्ष्मी ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।

बच्चों को पठन-पाठन सामग्री, पुस्तकें और कापियाँ भी प्रदान की गईं। वहीं बस्ती के जरूरतमंद परिवारों को गर्म कपड़े और उपयोगी वस्त्र वितरित किए गए, जिससे ठंड के मौसम में उन्हें राहत मिली। इस अवसर पर संस्था के सदस्य कल्याण राय ने कहा कि शिक्षा और मानवीय संवेदनाएं समाज की मजबूत नींव हैं। वहीं नरसिम्हा राव ने कहा कि बच्चों की मुस्कान और अभिभावकों की संतुष्टि ही संस्था की सबसे बड़ी उपलब्धि है। शाला प्रबंधन ने दिशा संस्था की इस पहल की सराहना की और महिला सदस्यों की संवेदनशील भूमिका को प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के अंत में देबाशीष मजूमदार ने कहा कि संस्था भविष्य में भी समाज के कमजोर वर्गों के लिए सेवा कार्य जारी रखेगी।