भिलाई में नकली सोने पर फर्जी हालमार्क लगाकर बैंक से लोन लेने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में नकली स्वर्ण आभूषण पर फर्जी हालमार्क अंकित कर बैंक से ऋण लेने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामला सिटी यूनियन बैंक की नंदिनी रोड स्थित छावनी शाखा का है। 20 फरवरी की सुबह करीब 10:30 बजे एक व्यक्ति 113 ग्राम स्वर्ण आभूषण गिरवी रखकर लोन लेने बैंक पहुंचा। बैंक के अधिकृत परीक्षक द्वारा जांच करने पर आभूषण नकली पाए गए।

जांच में सामने आया कि आभूषणों पर 833 और 916 कैरेट का कूटरचित हालमार्क अंकित किया गया था, ताकि उन्हें असली साबित कर ऋण लिया जा सके। समय रहते फर्जीवाड़ा पकड़ में आ गया, वरना बैंक को आर्थिक नुकसान हो सकता था।
शाखा प्रबंधक की शिकायत पर थाना छावनी में अपराध दर्ज कर धारा 318(4), 336(2) और 62 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक हार, दो कंगन, दो चैन, एक ब्रेसलेट और एक अंगूठी समेत कुल 113 ग्राम नकली आभूषण जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज कुमार पातरा (37 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और फिलहाल दुर्ग में रह रहा था।