तेज रफ्तार बाइक नाली में गिरी: एक युवक की मौत, साथी गंभीर

तेज रफ्तार बाइक नाली में गिरी: एक युवक की मौत, साथी गंभीर

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के हेमू नगर में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।

मिली जानकारी के अनुसार, हेमू नगर वाम्बे आवास में रहने वाले राहुल यादव (26) रोजी मजदूरी करते थे। रविवार रात वे अपने ही अपार्टमेंट में रहने वाले दोस्त सुमित यादव (20) के साथ घूमने निकले थे। देर रात तक दोनों के घर नहीं लौटने पर स्वजन चिंतित हो गए और उनकी तलाश शुरू की।

सुबह करीब पांच बजे राहगीरों ने एक बाइक को नाली में गिरा देखा और आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से दोनों युवकों को नाली से निकालकर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। वहीं सुमित का प्राथमिक उपचार करने के बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है।