स्कूल में गोलीबारी, हमलावर समेत 10 की मौत

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। टम्बलर रिज शहर के एक स्कूल में हुई गोलीबारी में हमलावर समेत दस लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने मंगलवार को घटना की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध हमलावर मृत पाया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि उसने खुद को गोली मारी, हालांकि इस पहलू की पुष्टि के लिए जांच जारी है। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि यह जांच की जा रही है कि घटना में कोई दूसरा संदिग्ध तो शामिल नहीं था। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

गोलीबारी टम्बलर रिज नामक छोटे शहर में हुई, जिसकी आबादी करीब 2,400 है। घटना के बाद पुलिस ने लोगों से घरों के भीतर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। पीस रिवर साउथ स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने जानकारी दी है कि टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल और टम्बलर रिज एलीमेंट्री स्कूल को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।