रिटायर्ड फौजी का खूनी कदम: पत्नी और बेटे को गोली मार खुद ट्रेन के आगे कूदा

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सेन पश्चिम पारा इलाके में सोमवार तड़के रिटायर्ड फौजी चेतराम पासवान (52) ने अपनी पत्नी सुनीता (45) और 16 वर्षीय बेटे दीप की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।

घटना का खुलासा तब हुआ जब डीएफसी रेलवे ट्रैक पर कठोंगर गांव के पास एक व्यक्ति के मालगाड़ी के आगे कूदने की सूचना मिली। ट्रैक के पास एक बाइक खड़ी मिली। जीआरपी ने बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पहचान की, जो चेतराम पासवान के नाम पर दर्ज थी। पुलिस जब उसके पुराने आवास विकास वाले पते पर पहुंची तो पता चला कि परिवार हाल ही में तुलसियापुर में नए घर में शिफ्ट हुआ है। वहां पहुंचने पर मुख्य दरवाजा बंद मिला, जिसे धक्का देने पर खोला गया। अंदर का दृश्य भयावह था। कमरे में बिस्तर पर पत्नी सुनीता और जमीन पर बेटे दीप का खून से सना शव पड़ा था।

प्रारंभिक जांच के मुताबिक सुनीता को सोते वक्त नजदीक से गोली मारी गई। आवाज सुनकर बेटा कमरे में पहुंचा तो उसे भी निशाना बनाया गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी घर से निकल गया और कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या कर ली। चेतराम मूल रूप से घाटमपुर के सेरुआ बखरिया गांव का रहने वाला था। पांच साल पहले सेना से रिटायर होने के बाद वह माल रोड स्थित रिजर्व बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। परिवार अक्तूबर 2025 में नए घर में शिफ्ट हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया है कि दंपती के बीच अक्सर विवाद होता था। साथ ही चेतराम के सट्टे की लत और कर्ज में डूबे होने की बात भी सामने आई है। जेसीपी लॉ एंड ऑर्डर और डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर एंगल से जांच कर रही है।
