अबूझमाड़ में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, फरसगांव का नक्सली स्मारक जमींदोज


नारायणपुर। अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई हुई है। नारायणपुर पुलिस और 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के जवानों ने कुतुल इलाके के ग्राम फरसगांव में बने एक विशालकाय नक्सली स्मारक को जमींदोज कर दिया।

यह स्मारक थाना कोहकामेटा क्षेत्र के पुलिस सहायता केंद्र कुतुल के अंतर्गत फरसगांव में बनाया गया था। सुरक्षा बलों के मुताबिक, इसे नक्सलियों ने अपने प्रभाव क्षेत्र के प्रतीक के रूप में खड़ा किया था। 6 फरवरी 2026 को “माड़ बचाओ” अभियान के तहत जिला पुलिस बल और 41 BN आईटीबीपी की संयुक्त टीम एरिया डॉमिनेशन और सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान फरसगांव में बने इस बड़े स्मारक की जानकारी मिली। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से स्मारक को ध्वस्त कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप बस्तर को नक्सल मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अबूझमाड़ में नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए जा रहे हैं और सड़क, पुल-पुलिया जैसे विकास कार्यों को अंदरूनी गांवों तक पहुंचाने में सुरक्षा बल सहयोग कर रहे हैं। इस कार्रवाई को कुतुल क्षेत्र में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इलाके में आगे भी सर्च ऑपरेशन जारी रहने की जानकारी दी गई है।