बीएनपी की बड़ी जीत: तारिक रहमान बने बांग्लादेश के अगला संभावित प्रधानमंत्री, मोदी ने दी बधाई

ढाका (बांग्लादेश)। बांग्लादेश के आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को शानदार बहुमत मिला है। पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान के नेतृत्व में ज़ोरदार जीत हासिल की है। चुनाव परिणाम आने के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तारिक रहमान को जीत पर बधाई दी है।

तारिक रहमान की राजनीति में वापसी को बांग्लादेश में बदलाव का संकेत माना जा रहा है। 17 साल के विदेश प्रवास के बाद वह पिछले साल दिसंबर में ढाका लौटे थे। लौटते ही हजारों समर्थकों ने उनका स्वागत किया था। उनके साथ उनकी पत्नी ज़ुबैदा और बेटी जाइमा भी थीं। उनकी मां, पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया, लंबे समय से अस्पताल में भर्ती थीं। तारिक के देश लौटने के थोड़े समय बाद 30 दिसंबर 2025 को उनका निधन हो गया। खालिदा जिया के निधन के बाद तारिक रहमान ने बीएनपी की कमान संभाली और पार्टी को इस चुनाव में जीत दिलाई।

तारिक रहमान को बांग्लादेश में एक राजनीतिक राजकुमार के रूप में देखा जाता है। उनके पिता, जियाउर रहमान, देश के छठे राष्ट्रपति रहे और उनकी मां 1991 में बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं। 2008 में रहमान लंदन चले गए थे और 2018 से विदेश से ही बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे थे। तारिक की वापसी और बीएनपी की जीत से जमात ए इस्लामी जैसे इस्लामी राजनीतिक समूहों के सामने चुनौती बढ़ गई है। बीएनपी की भारी बहुमत वाली जीत से अब तारिक रहमान आगामी प्रधानमंत्री की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार बन गए हैं। राजनीति के इस नए अध्याय में बांग्लादेश के सामने कई चुनौतियां और उम्मीदें हैं। जनता की उम्मीदें, दक्षिण एशिया में राजनीतिक संतुलन, और पड़ोसी देशों के बीच रिश्तों पर इस नई सरकार का असर अब मुख्य तौर पर देखे जाने वाले हैं।