रायपुर से भिलाई लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, कार की टक्कर के बाद ट्रक से कुचलकर मां-बेटी की मौत

रायपुर से भिलाई लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, कार की टक्कर के बाद ट्रक से कुचलकर मां-बेटी की मौत

भिलाई। भिलाई-3 के सिरसा गेट चौक पर गुरुवार दोपहर  करीब 2 बजे हुए इस हादसे में 35 वर्षीय महिला और उसकी दो साल की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की है। 

जानकारी के अनुसार, राकेश दुबे अपनी पत्नी आरती दुबे और दो साल की बेटी सोना दुबे के साथ बाइक से रायपुर से भिलाई लौट रहे थे। परिवार दोपहर करीब 12 बजे रायपुर से निकला था। लगभग 2 बजे वे भिलाई-3 क्षेत्र के सिरसा गेट चौक के पास पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद महिला और बच्ची सड़क पर गिर पड़ीं। उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रक की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में बाइक चला रहे राकेश दुबे को हल्की चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार के अनुसार, यह हादसा कार चालक की लापरवाही के कारण हुआ। सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कार चालक की तलाश की जा रही है।