मोबाइल बैंकिंग चालू कराने के नाम पर ठगी, सुपेला पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

मोबाइल बैंकिंग चालू कराने के नाम पर ठगी, सुपेला पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

भिलाई। मोबाइल बैंकिंग सेवा शुरू कराने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को सुपेला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश कर दिया।

प्रार्थी हैप्पी सिंह, निवासी खुर्शीपार, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका खाता छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, भिलाई-03 में ऑनलाइन खोला गया था। मोबाइल बैंकिंग सेवा में तकनीकी समस्या आने पर उसने अपने परिचित आशीष कुमार से संपर्क किया।

20 जनवरी 2026 को प्रार्थी ने आकाश गंगा, सुपेला क्षेत्र में आरोपी को अपना सिम कार्ड और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी सौंप दी। इसके बाद आरोपी ने संपर्क बंद कर दिया। जांच में सामने आया कि बैंक खाता और सिम कार्ड को साइबर ठगी की राशि प्राप्त करने के लिए किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराया गया था।

शिकायत के आधार पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 288/2026 दर्ज कर धारा 318(4), 317(2) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान एक अन्य आरोपी सुरजा कुमार सोनी की संलिप्तता भी सामने आई।

विशेष टीम ने पतासाजी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रकरण से संबंधित मोबाइल फोन और बैंक खाता व सिम कार्ड से जुड़े दस्तावेज जप्त किए गए हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बैंक खाते, ओटीपी, सिम कार्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी को भी न दें। छोटी सी लापरवाही भी साइबर ठगी का कारण बन सकती है।

आरोपी का नाम :

1. आशीष कुमार, निवासी शिवाजी नगर खुर्शीपार, भिलाई

2. सुरजा कुमार सोनी, उम्र 20 वर्ष, निवासी पावर हाउस कैंप-02, छावनी, जिला दुर्ग