डीएमएफ घोटाले में बड़ी कार्रवाई, सतपाल सिंह छाबड़ा 6 दिन की पुलिस रिमांड पर

रायपुर में बहुचर्चित जिला खनिज न्यास यानी डीएमएफ घोटाले में जांच तेज हो गई है। एंटी करप्शन ब्यूरो और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा ने आरोपी सतपाल सिंह छाबड़ा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। कोर्ट ने उसे 25 फरवरी तक 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

जांच एजेंसी के अनुसार, डीएमएफ फंड से संचालित कृषि अनुदान से जुड़े कार्यों की पड़ताल में कई अहम दस्तावेज और साक्ष्य सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं के उल्लंघन के संकेत मिले हैं, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है। एजेंसी का दावा है कि आरोपी ने कथित सिंडिकेट के साथ मिलकर काम किया, जिसमें कुछ शासकीय अधिकारी, कर्मचारी और व्यापारी भी शामिल हो सकते हैं। आरोप है कि आपराधिक षड्यंत्र के तहत करोड़ों रुपये की अवैध कमीशन राशि नगद और रिश्तेदारों के बैंक खातों के जरिए ली गई।

जांच के दौरान वित्तीय लेनदेन, डिजिटल साक्ष्य और दस्तावेजों की गहन जांच की गई है। इन्हीं आधारों पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। रिमांड अवधि में आरोपी से फंड के उपयोग, कथित कमीशन और लेनदेन की कड़ियों को लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी। साथ ही बैंकिंग ट्रेल और डिजिटल डिवाइस की भी जांच होगी। एसीबी-ईओडब्ल्यू ने साफ किया है कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच जारी है। डीएमएफ घोटाले को लेकर राज्य में पहले से चर्चा है। ऐसे में यह कार्रवाई जांच को नई दिशा देती नजर आ रही है।
