ओडिशा से अवैध धान खपाने का मामला, सरायपाली के व्यापारी सोनू अग्रवाल पर एफआईआर

महासमुंद। ओडिशा राज्य से अवैध रूप से धान लाकर खपाने के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर की गई जांच के बाद सरायपाली के धान व्यापारी सोनू अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

यह कार्रवाई तहसीलदार सरायपाली द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई। जांच में प्रथम दृष्टया नियमों के उल्लंघन और गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि हुई। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई और पक्षकारों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें तथ्य सामने आए। जांच प्रतिवेदन मिलने के बाद कलेक्टर के निर्देशानुसार संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कर प्रशासनिक कार्रवाई की गई।

जांच रिपोर्ट के अनुसार सरायपाली विकासखंड क्षेत्र में व्यापारी सोनू अग्रवाल द्वारा अवैध रूप से धान का परिवहन और खपाने की गतिविधियां की जा रही थीं। कार्रवाई के दौरान 04 माजदा वाहनों से कुल 864 पैकेट धान, जिसका वजन लगभग 345 क्विंटल है, बिना वैध दस्तावेजों के जब्त किया गया। यह धान ओडिशा से लाकर समितियों और किसानों को अवैध रूप से खपाने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
प्रकरण में सोनू अग्रवाल के विरुद्ध अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली के न्यायालय में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि अवैध धान परिवहन और खपत के कारण शासन को करीब 8 लाख 17 हजार 305 रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।

