मारपीट कांड में ऑनलाइन सप्लाई का खुलासा, Meesho से मंगाया प्रतिबंधित हथियार, कोरियर संचालक और कर्मचारी गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के जरिए प्रतिबंधित धारदार हथियार मंगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कोरियर एजेंसी संचालक और डिलीवरी कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।

मामला 20 जनवरी 2026 का है। ग्राम पुरई में आपसी विवाद के दौरान लावन्य उर्फ लवन यादव ने अपने साथियों के साथ तोषण यादव और अन्य लोगों पर धारदार हथियार से हमला किया था। इस घटना में चोट पहुंचाई गई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 32/2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ। पुलिस को पता चला कि इस्तेमाल किया गया प्रतिबंधित धारदार हथियार ऑनलाइन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Meesho के माध्यम से मंगाया गया था। यह पार्सल 3 जनवरी 2026 को उतई स्थित वाल्मो कोरियर एजेंसी द्वारा आरोपी को डिलीवर किया गया था।
पुलिस के अनुसार, कोरियर एजेंसी संचालक को पार्सल में प्रतिबंधित सामग्री होने की जानकारी थी। इसके बावजूद डिलीवरी कर्मचारी के जरिए पार्सल सुपुर्द किया गया और 245 रुपये नगद प्राप्त किए गए।
इस आधार पर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(A) और 25(3) के तहत दोनों आरोपियों को 16 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम रोशन सिंह राजपूत (31 वर्ष) और तामेश उर्फ तामेश्वर साहू (23 वर्ष), दोनों निवासी बजरंग नगर, उतई हैं।
पुलिस ने कोरियर एजेंसी से जुड़े दस्तावेज, पार्सल डिलीवरी रजिस्टर और अन्य अभिलेख जब्त किए हैं।
पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन विश्वास” अभियान के तहत ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए अवैध हथियारों की सप्लाई पर सख्ती से नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई के बाद ऑनलाइन माध्यम से प्रतिबंधित सामान मंगाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
आरोपी का नाम :
1. रोशन सिंह राजपूत, उम्र 31 वर्ष, निवासी बजरंग नगर, उतई, जिला दुर्ग
2. तामेश उर्फ तामेश्वर साहू, उम्र 23 वर्ष, निवासी बजरंग नगर, उतई, जिला दुर्ग
