पोस्ट ऑफिस नौकरी और फर्जी MBBS डिग्री के नाम पर 2.34 करोड़ की ठगी, रायपुर में चार आरोपी गिरफ्तार

पोस्ट ऑफिस नौकरी और फर्जी MBBS डिग्री के नाम पर 2.34 करोड़ की ठगी, रायपुर में चार आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। फर्जी नियुक्ति और डिग्री के नाम पर चल रहे बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 52 अभ्यर्थियों से कुल 2 करोड़ 34 लाख रुपये वसूले। मामले की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थी संजय निराला ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि पोस्टमैन और पोस्टमास्टर की नौकरी के नाम पर उनसे बड़ी रकम ली गई, लेकिन नियुक्ति फर्जी निकली।

जांच में सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड नरेश मनहर है, जो खुद दसवीं पास है। उसने साथियों भुवनेश्वर बंजारे, राकेश रात्रे और हीरा दिवाकर के साथ मिलकर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किए और अभ्यर्थियों को भेजे। पुलिस के मुताबिक, नरेश ने फर्जी एमबीबीएस डिग्री भी तैयार की थी। जांच में डीवाय पाटिल यूनिवर्सिटी की फर्जी डिग्री की सॉफ्ट कॉपी मिली। उसके बैंक खाते में एक महिला डॉक्टर के खाते से 40 लाख रुपये के लेनदेन का रिकॉर्ड भी मिला है।

आरोपियों ने पंडरी इलाके में फर्जी ऑफिस चलाया और गुड लक माइक्रोफाइनेंस बैंक, गुड लक हेल्थ सर्विस और गुड लक फूड सर्विस जैसे नामों से संस्थान संचालित किए। पुलिस ने पांच मोबाइल, दो लैपटॉप, कलर प्रिंटर, नोट गिनने की मशीन, कंप्यूटर सेटअप, फर्जी नियुक्ति पत्र, सील नमूने, बैंक दस्तावेज और एक मारुति सुजुकी बलेनो कार जब्त की है। डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश गुप्ता के अनुसार, गिरोह के सदस्यों के बीच काम बंटा हुआ था। कोई पैसे इकट्ठा करता था, कोई दस्तावेज जुटाता और कोई फर्जी नियुक्ति पत्र प्रिंट करता था। फिलहाल आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच जारी है। पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों की भी पहचान कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. नरेश मनहर, पिता भरत लाल मनहर, उम्र 24 साल, निवासी ग्राम ताल देवरी, थाना बिर्रा, जिला जांजगीर-चांपा, वर्तमान पता सेक्टर 08 शिव मंदिर, थाना पंडरी, रायपुर।
  2. भुवनेश्वर बंजारे, पिता गीताराम बंजारे, उम्र 26 साल, निवासी छुईहा घासीदास चौक, थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़, वर्तमान पता केनरा बैंक एटीएम के सामने बबली फैसी स्टोर्स गली, थाना विधानसभा, रायपुर।
  3. हीरा दिवाकर, पिता पारस राम दिवाकर, उम्र 31 साल, निवासी ग्राम ताल देवरी, थाना बिर्रा, जिला जांजगीर-चांपा, वर्तमान पता सेक्टर 08 शिव मंदिर, थाना पंडरी, रायपुर।
  4. राकेश रात्रे, पिता समारू राम रात्रे, उम्र 32 साल, निवासी ग्राम ताल, जांजगीर-चांपा, वर्तमान पता सेक्टर 08 शिव मंदिर, थाना पंडरी, रायपुर।