तंजानिया में गोल्ड माइन दिलाने के नाम पर 2 करोड़ की ठगी, विदेश भागते आरोपी को रायपुर पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से किया गिरफ्तार

रायपुर। तंजानिया में सोने की खदान दिलाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वियतनाम फरार होने की कोशिश में था, तभी उसे दबोच लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, कारोबारी समर्थ बरडिया से 2 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई थी। आरोपी ने तंजानिया में गोल्ड माइन में साझेदारी का सपना दिखाया। वहां अब्दुल्लाह किलियावापे न्युजे को पार्टनर बताकर पूरा प्लान तैयार किया गया और भरोसा जीतने के बाद रकम ऐंठ ली गई।

आरोपी यश राजेश शाह की जमानत पहले ही खारिज हो चुकी थी। इसके बाद वह देश छोड़कर भागने की फिराक में था। रायपुर पुलिस को इसकी भनक लगी और मुंबई एयरपोर्ट पर उसे हिरासत में ले लिया गया।
इस मामले में तंजानिया का कथित पार्टनर अब्दुल्लाह किलियावापे न्युजे फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पूरा मामला रायपुर जिले के सिविल लाइन थाना में दर्ज है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने और किन लोगों को इसी तरह निवेश का झांसा देकर निशाना बनाया है।
