बस्तर में अमित शाह बोले-छह महीनों में खत्म होगा नक्सलवाद, महतारी वंदन योजना के 64 लाख महिलाओं को मिली 606 करोड़ की मदद

जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज बस्तर दौरे पर हैं। उन्होंने यहां लालबाग मैदान में आयोजित सभा को संबोधित किया और कई विकास योजनाओं की सौगात दी। इससे पहले शाह ने मुख्यमंत्री बस सेवा की शुरुआत की, जिसके तहत 34 रूटों पर बसें चलेंगी और करीब 250 गांव जुड़ेंगे। बस्तर दौरे की शुरुआत शाह ने सिरहासार भवन में मुरिया दरबार की पारंपरिक रस्म निभाकर की। इस दौरान उन्होंने मांझी, चालकी, मेंबर और मेंबरीन समुदायों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। बस्तर राजपरिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव ने बताया कि अमित शाह देश के पहले गृहमंत्री हैं जो मुरिया दरबार में शामिल हुए।
अब तक यह परंपरा केवल राज्य के मुख्यमंत्री तक सीमित रही थी। सभा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमित शाह ने नक्सलवाद को समाप्त करने की जिम्मेदारी अपने हाथों में ली है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले छह महीनों में बस्तर पूरी तरह नक्सलमुक्त होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों की मुस्तैदी और लगातार हो रही नक्सल विरोधी कार्रवाइयों से अब बस्तर में विकास की गंगा बहने लगी है। इसी मंच से अमित शाह ने महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त के तहत 606.94 करोड़ रुपये की राशि 64.94 लाख महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की। यह योजना 1 मार्च 2024 से शुरू हुई थी, जिसके तहत हर विवाहित महिला को 1,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाती है। अब तक महिलाओं को कुल 12,983.13 करोड़ रुपये की सहायता मिल चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी पात्र महिला को योजना का लाभ नहीं मिला है, तो सरकार उसकी भरपाई सुनिश्चित करेगी। बस्तर में शाह की इस ऐतिहासिक मौजूदगी को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया।