नहर किनारे मिली युवती की लाश: धूमा के युवक की संदिग्ध मौत से जुड़ रही कड़ियां, जांच तेज

गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र में नहर किनारे मिली 25 वर्षीय चंचल साहू की सड़ी-गली लाश ने अब नया मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में इस मामले को श्यामनगर के ग्राम धूमा निवासी 28 वर्षीय सुमन नागरची की संदिग्ध मौत से जोड़कर देखा जा रहा है।

चंचल साहू रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और 30 जनवरी से लापता थी। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में उसका शव राजिम क्षेत्र में नहर किनारे झाड़ियों में मिला। शव की हालत से अंदाजा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। इधर, 2 फरवरी 2026 की सुबह धूमा गांव में सुमन नागरची का शव उसके घर की बाड़ी में पेड़ से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक, वह 1 फरवरी की रात तक सामान्य था। सुबह घर में नहीं दिखा तो तलाश के बाद उसका शव फांसी के फंदे पर मिला।

सुमन शादीशुदा था, लेकिन पत्नी के अलग रहने के बाद वह रायपुर के संतोषी नगर में अपने मामा के घर रहकर पिकअप ड्राइवर का काम करता था। परिवार का कहना है कि उसे लेकर किसी गंभीर तनाव की जानकारी नहीं थी। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि सुमन और चंचल के बीच प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे को जानते थे और पास-पास रहते थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक प्रेम प्रसंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जांच एजेंसियां इस एंगल पर भी काम कर रही हैं कि क्या पहले युवती की हत्या हुई और उसके बाद युवक ने आत्महत्या की। फिलहाल इसे केवल संभावना माना जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड, क्राइम ब्रांच और साइबर सेल को जांच में लगाया गया है। दोनों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। मोबाइल लोकेशन, कॉल हिस्ट्री और डिजिटल साक्ष्यों के जरिए 30 जनवरी के बाद की गतिविधियों को जोड़ा जा रहा है। पुलिस का साफ कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी। अभी कई सवाल हैं और जवाब जांच के दायरे में हैं।