दुर्ग-भिलाई में तड़के पुलिस की रेड: 290 मकानों की तलाशी, चोरी की बाइक समेत 5 संदिग्ध वाहन बरामद

दुर्ग-भिलाई में तड़के पुलिस की रेड: 290 मकानों की तलाशी, चोरी की बाइक समेत 5 संदिग्ध वाहन बरामद

भिलाई। अपराध नियंत्रण के लिए भिलाई नगर जोन पुलिस ने शुक्रवार तड़के विशेष सर्च अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक सुपेला, स्मृति नगर, वैशाली नगर और पुलगांव थाना क्षेत्र में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

अभियान में थाना पुलिस और एसीसीयू की टीम शामिल रही। दीनदयाल कॉलोनी खम्हरिया और स्मृति नगर क्षेत्र में 290 मकानों की तलाशी ली गई। बाहर से आकर किराये पर रह रहे 25 लोगों का सत्यापन और फिंगरप्रिंट लिया गया। मकान मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किरायेदार की जानकारी अनिवार्य रूप से पुलिस को दें।

सशक्त एप के जरिए 155 वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान 5 दोपहिया वाहन संदिग्ध पाए गए। इनमें से एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल CG-07-AC-8651 थाना पुलगांव के अपराध क्रमांक 332/2025 में चोरी की निकली। बाइक को बरामद कर लिया गया है। बाकी 4 संदिग्ध वाहनों को सत्यापन के लिए थाने लाया गया है। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक तत्वों की पहचान करना, चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाना और किरायेदार सत्यापन को सख्ती से लागू करना है। चोरी के मामले में संलिप्त आरोपी की तलाश जारी है।

जब्त सामग्री :

1. हीरो होंडा मोटर सायकल क्रमांक CG-07-AC-8651 (चोरी गई)

2. 4 नग संदिग्ध दोपहिया वाहन