वार्ड-10 में 53.57 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, सांसद विजय बघेल ने रखी आधारशिला
जी रोड से शीतला मंदिर तक महामाया मंदिर रोड का होगा चौड़ीकरण, सीसी सड़क और कवर्ड आरसीसी नाली निर्माण से मिलेगी राहत

भिलाई। वार्ड 10 में विकास कार्यों को गति देते हुए 53 लाख 57 हजार रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण, सीसी रोड और कवर्ड आरसीसी नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ विकास कार्यों की आधारशिला रखी।
यह निर्माण कार्य 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत जी रोड से शीतला मंदिर तक महामाया मंदिर रोड पर कराया जाएगा। इसके तहत सड़क चौड़ीकरण, सीसी सड़क निर्माण और कवर्ड आरसीसी नाली बनाई जाएगी। कार्यक्रम में पंडित एन.के. त्रिपाठी ने पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन की विधि संपन्न कराई।
इस विकास कार्य के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान हो सकेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे, जबकि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीना वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर लोक निर्माण प्रभारी डिकेश पटेल, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष तृप्ति, वार्ड-15 पार्षद अनुराग गुप्ता, वार्ड-10 पार्षद हरिदास वैष्णव, सांसद प्रतिनिधि राजू निषाद, मिथिलेश यादव, रामाधार शर्मा, जूही चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिन्हा, एल्डरमैन अवधेश शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।