नेवई डैम में नशीली टेबलेट बेचते आरोपी गिरफ्तार, 274 अल्प्राजोलम टेबलेट जब्त

1.09 लाख नकद, आईफोन और धारदार हथियार भी बरामद, जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹2.59 लाख

नेवई डैम में नशीली टेबलेट बेचते आरोपी गिरफ्तार, 274 अल्प्राजोलम टेबलेट जब्त

भिलाई। सूखा नशा के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। नेवई पुलिस ने नेवई डैम क्षेत्र में नशीली टेबलेट बेचते एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 274 नग अल्प्राजोलम (ALPRAZOLAM) टेबलेट, बिक्री की रकम ₹1,09,070, एक आईफोन और स्टील का धारदार हथियार बरामद किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹2,59,170 आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन मरोदा एचएससीएल कॉलोनी, शिवपारा निवासी सूजल सिंह नेवई डैम के पास नशीली टेबलेट बेच रहा है। सूचना की पुष्टि और कार्रवाई के लिए पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ नेवई डैम स्थित इमली झाड़ के पास पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से ALPRAZOLAM TABLETS I.P. 0.5 mg की 274 नग टेबलेट मिलीं। इसके अलावा नशीली टेबलेट की बिक्री से प्राप्त ₹1,09,070 नगद, एक आईफोन मोबाइल और एक स्टील का धारदार हथियार भी बरामद किया गया।

NDPS और आर्म्स एक्ट में कार्रवाई

नेवई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 669/2026 में धारा 22(ख), 27(क) NDPS Act और धारा 25 Arms Act के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को 8 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय दुर्ग में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग में निरुद्ध किया गया।

डैम क्षेत्र में ग्राहकों को बेचता था टेबलेट

पुलिस के अनुसार आरोपी नशीली टेबलेट अपने पास रखकर नेवई डैम क्षेत्र में ग्राहकों को बेचने की गतिविधि कर रहा था। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को टेबलेट और बिक्री की रकम के साथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लोकेश कुमार साहू, प्रधान आरक्षक नंदलाल सिंह, आरक्षक नारायण ठाकुर, रवि बिसाई, प्यारे लाल साहू और विजय कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाओं की अवैध बिक्री या कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।