ठाणे में दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन सट्टा के दो पैनल पकड़े गए,किराए के फ्लैट से 10 आरोपी गिरफ्तार

31 मोबाइल और 4 लैपटॉप जब्त; म्यूल बैंक खातों से करोड़ों के लेनदेन के सुराग

ठाणे में दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन सट्टा के दो पैनल पकड़े गए,किराए के फ्लैट से 10 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग और म्यूल बैंक खातों के जरिए होने वाले संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे में चल रहे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। थाना वैशाली नगर और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम ने ठाणे स्थित एक किराए के फ्लैट में दबिश देकर दो अलग-अलग ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनलों का संचालन कर रहे 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, थाना वैशाली नगर में दर्ज अपराध की विवेचना के दौरान संदिग्ध बैंक खातों और ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में पता चला कि दुर्ग-भिलाई और धमतरी क्षेत्र के कुछ युवक ठाणे में किराए का फ्लैट लेकर ऑनलाइन सट्टा पैनल संचालित कर रहे हैं।

सूचना की पुष्टि के बाद दुर्ग पुलिस की टीम ने ठाणे में दबिश दी। मौके पर 10 लोग दो अलग-अलग ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनल संचालित करते मिले। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए।

31 मोबाइल और 4 लैपटॉप जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 4 लैपटॉप, 31 मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड, 2 पैन कार्ड, 2 बैंक पासबुक और एक वाई-फाई/इंटरनेट उपकरण जब्त किया है। इसके अलावा पेन ड्राइव, पावर बैंक, चार्जर, विभिन्न केबल, नगदी और अन्य डिजिटल सामग्री भी बरामद की गई है।

शिफ्ट में चलाते थे सट्टा पैनल

जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन सट्टा पैनलों का संचालन शिफ्ट के आधार पर कर रहे थे। विभिन्न बैंक खातों और डिजिटल भुगतान माध्यमों के जरिए सट्टे से जुड़ी रकम का लेन-देन किया जाता था। आरोपियों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से आपसी समन्वय और दैनिक वित्तीय हिसाब-किताब रखने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस को प्रारंभिक जांच में इन पैनलों के माध्यम से बड़े पैमाने पर ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं। डिजिटल उपकरणों की तकनीकी और डिजिटल फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

नेटवर्क की आगे भी होगी जांच

पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और लैपटॉप से मिलने वाले डिजिटल डेटा के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियां खंगाल रही है। इससे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है।

आरोपी का नाम

1. विष्णु तिवारी, उम्र 19 वर्ष, निवासी केम्प-1 शांति पारा, बैकुंठ धाम, गवर्नमेंट हॉस्पिटल के पास, भिलाई, थाना छावनी।

2. अंकित निषाद, उम्र 23 वर्ष, निवासी सुभाष नगर, रत्नाबांधा रोड, मधु मेडिकल के सामने, धमतरी।

3. नितेश कुमार, उम्र 24 वर्ष, निवासी हटकेसर बस्ती, पानी टंकी के पास, धमतरी।

4. नरेश कन्हाई, उम्र 24 वर्ष, निवासी बालाजी नगर, चौक के पास, खुर्सीपार, भिलाई।

5. दीपक कश्यप, उम्र 27 वर्ष, निवासी गगरेल गांव, जिला धमतरी।

6. मेहुल निषाद, उम्र 23 वर्ष, निवासी सुभाष नगर, हाउसिंग बोर्ड, धमतरी।

7. हर्ष वर्धन निषाद, उम्र 19 वर्ष, निवासी अर्शीगांव, लिटिया सेमरिया, थाना बोरी।

8. संतोष राम, उम्र 28 वर्ष, निवासी शंकरपुर, जिला मधुबनी, बिहार।

9. भुवन लाल देवांगन, उम्र 28 वर्ष, निवासी अन्नपूर्णा पारा, मुक्तिधाम के पास, कांकेर, थाना कांकेर।

10. चेतन ध्रुव, उम्र 27 वर्ष, निवासी सुभाष नगर, पुराना नाका, धमतरी।