ऑनलाइन ठगी की रकम म्यूल खातों से निकालकर इस्तेमाल करने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

भिलाई। ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में भिलाईनगर पुलिस ने राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को म्यूल बैंक खातों से निकालकर इस्तेमाल करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार थाना भिलाईनगर में ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 469/2024 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पूर्व में गिरफ्तार पांच आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों और उपलब्ध साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इसी दौरान राजस्थान निवासी रमेश सुथार (25) की मामले में संलिप्तता सामने आई।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को म्यूल बैंक खातों के माध्यम से आहरित कर उसका उपयोग किया। इसके बाद भिलाईनगर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर राजस्थान में संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की।
लगातार प्रयास और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी रमेश सुथार को 2 सितंबर 2026 को राजस्थान से गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही आरोपी की भूमिका से जुड़े दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है।
आरोपी: रमेश सुथार, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम बना, थाना खेरवा, तहसील वल्लभनगर, जिला उदयपुर, राजस्थान।
