डबरा पारा नहर में डूबे 21 वर्षीय युवक का शव बरामद, SDRF ने चलाया सघन सर्च अभियान

भिलाई-3। डबरा पारा नहर में नहाने के दौरान डूबे 21 वर्षीय युवक का शव राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) दुर्ग संभाग की टीम ने सघन तलाशी अभियान के बाद बरामद कर लिया। मृतक की पहचान खुर्सीपार निवासी मोहम्मद साहिल खान (21) के रूप में हुई है। शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए भिलाई-3 थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5 बजे डबरा पारा नहर में नहाने के दौरान युवक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गया, जिससे वह डूब गया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू कराया। जिला सेनानी, दुर्ग के निर्देशन में SDRF की प्रशिक्षित टीम को आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मोटर बोट और डीप डाइविंग किट से तलाश
घटनास्थल पर पहुंची SDRF की टीम ने मोटर बोट, डीप डाइविंग किट, लाइफ बॉय, लाइफ जैकेट और सर्च हुक की मदद से नहर में तलाशी अभियान चलाया। टीम के गोताखोरों ने गहरे पानी और तेज बहाव के बीच सघन खोजबीन कर युवक का शव बरामद किया।
शव मिलने के बाद उसे पंचनामा एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना भिलाई-3 पुलिस को सौंप दिया गया। मृतक मोहम्मद साहिल खान, पिता अनीश आलम, खुर्सीपार के जोन-3, सड़क नंबर 12 का निवासी था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।










