लोहे के एंगल और तार जाली चोरी का मामला: पाण्डेय कबाड़ी का संचालक गिरफ्तार, गोदाम से 18 टन से अधिक कबाड़ जब्त












भिलाई। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में लोहे के एंगल और तार जाली चोरी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय (65) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 17 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर पकड़ा। मामले में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इससे पहले पुलिस ने शंकर नगर, छावनी स्थित पाण्डेय कबाड़ी के गोदाम में छापा मारकर चोरी के संदेह में लोहे के एंगल, तार जाली सहित अन्य सामग्री जब्त की थी। गोदाम से बरामद लगभग 18 टन से अधिक कबाड़ सामग्री के स्रोत की जांच की जा रही है।
गोदाम में मिली चोरी की संपत्ति, मैनेजर से पूछताछ में सामने आया नाम
पुलिस के अनुसार, जामुल थाना क्षेत्र के देवनगर और शिवपुरी में वर्ष 2025 के दौरान लोहे के एंगल और तार जाली चोरी होने की शिकायतों के संबंध में अपराध क्रमांक 400/2025, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले की विवेचना कर रही थी। इसी दौरान 13 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि शंकर नगर, छावनी स्थित पाण्डेय कबाड़ी के गोदाम में चोरी का स्क्रैप माल रखा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोदाम में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां लोहे के एंगल, तार जाली और अन्य लौह सामग्री मिली। पुलिस ने सामग्री जब्त कर उसके स्रोत और चोरी के मामले से संबंध की जांच शुरू की। गोदाम में मौजूद मैनेजर नरसिंह यादव से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जब्त सामग्री का जामुल थाने में दर्ज चोरी के प्रकरण से मिलान किया। पुलिस के मुताबिक, नरसिंह यादव को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
कर्मचारियों के साथ चोरी करने का आरोप
विवेचना के दौरान सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। 17 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में वर्ष 2025 के दौरान देवनगर और शिवपुरी क्षेत्र से अपने साथ काम करने वाले कर्मचारियों के साथ लोहे के एंगल और तार जाली चोरी करने के संबंध में जानकारी सामने आई। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गोदाम से एंगल और तार जाली समेत कई सामान जब्त
पुलिस ने मामले से संबंधित चोरी की संपत्ति के रूप में लोहे के 20 एंगल और तार जाली के दो बंडल जब्त किए हैं। इसके अलावा गोदाम से बड़ी मात्रा में अन्य लौह सामग्री और उपकरण भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच जारी है। जब्त अन्य सामग्री में रेल पटरी का एक टुकड़ा, एंगल पट्टी के 10 नग, लोहे का सरिया, गैस कटिंग नोजल, तीन तौल मशीनें, ऑक्सीजन गैस के आठ सिलेंडर, एलपीजी के चार सिलेंडर, लोहे की क्वाइल के चार बंडल और लगभग 18 टन से अधिक अन्य लौह कबाड़ सामग्री शामिल है। इसके अलावा चमकीली धातु की चार बोरियां, एल्युमिनियम की पट्टी, एक कैलकुलेटर और टाटा-एस पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 BR 3212 भी जब्त किया गया है।
अन्य सामग्री के स्रोत की जांच जारी
पुलिस अब गोदाम से बरामद अन्य सामग्री के स्रोत का पता लगा रही है। जांच की जा रही है कि जब्त कबाड़ में से कितना माल चोरी के अन्य मामलों से संबंधित है और इसमें अन्य व्यक्तियों की कोई भूमिका है या नहीं। फिलहाल जामुल पुलिस चोरी की संपत्ति के मिलान और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
आरोपी का नाम
1. सुरेश सिंह उर्फ सुरेश पाण्डेय, उम्र 65 वर्ष, निवासी तिरंगा चौक, छावनी, थाना जामुल, जिला-दुर्ग।