सुपेला में चापड़ लेकर राहगीरों को धमका रहा था युवक, पुलिस ने दबोचा

सुपेला में चापड़ लेकर राहगीरों को धमका रहा था युवक, पुलिस ने दबोचा

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले 23 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी भिलाई नगर रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर गोठान के पास चापड़ लेकर लोगों को भयभीत कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोठान के पास एक युवक धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही आरोपी ने अपने पास रखा धारदार लोहे का चापड़ झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर झाड़ियों से हथियार बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान नवीन निषाद उर्फ बबलू (23), निवासी मराठी मोहल्ला, कोसानगर, सुपेला के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1281/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी एस.एन. सिंह, सउनि पुरन साहु, आरक्षक गंभीर जाट, मिथलेश साहु एवं निर्मलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।