ज्वेलरी दुकान में बड़ी चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार, नागरिकों ने पुलिस अधिकारियों का किया सम्मान

शटर तोड़कर लाखों की चांदी की ज्वेलरी ले गए थे आरोपी, 14.175 किलो चांदी बरामद; चोरी में इस्तेमाल पिकअप और बाइक भी जब्त

ज्वेलरी दुकान में बड़ी चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार, नागरिकों ने पुलिस अधिकारियों का किया सम्मान

बलरामपुर। वाड्रफनगर मार्केट स्थित अरविंद ज्वेलर्स में शटर तोड़कर लाखों रुपए की चांदी की ज्वेलरी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बलरामपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में बिहार के रोहतास जिले से जुड़े 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की गई 14.175 किलोग्राम चांदी की ज्वेलरी गलाकर बनाई गई चांदी की सिल्लियां बरामद की गई हैं। वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

16 अगस्त की रात दुकान को बनाया निशाना

वाड्रफनगर निवासी अरविंद सोनी ने पुलिस को बताया कि वाड्रफनगर मार्केट में अरविंद ज्वेलर्स नाम से उनकी दुकान है। 16 अगस्त की रात करीब 9.15 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। अगले दिन 17 अगस्त की सुबह करीब 6.45 बजे दुकान पहुंचने पर शटर का लॉक टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो बड़ी मात्रा में चांदी और गिल्ट के आभूषण गायब थे।

चोर दुकान से चांदी की पायल, ब्रेसलेट, कड़े, बच्चों के पैर के कड़े, भगवान की मूर्तियां, फूल व हाफ कमरधनी, बाल चोटी, हाथ पंजा, मिक्स ज्वेलरी, पायल, फैंसी पायल, हाथ बेरा, ताबीज, चांदी की चूड़ियां, अंगूठियां, बिछिया समेत बड़ी मात्रा में आभूषण ले गए थे। इसके अलावा करीब 18 हजार रुपए नकद भी चोरी किए गए थे।

CCTV फुटेज और तकनीकी जांच से बिहार तक पहुंची पुलिस

मामले में चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 133/2026, धारा 305, 331(4), 317(2), 5 BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल के निरीक्षण, CCTV फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान थाना दिनारा, जिला रोहतास, बिहार क्षेत्र में हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर चौकी वाड्रफनगर प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सोनी के नेतृत्व में थाना प्रभारी चलगली और साइबर सेल की संयुक्त टीम बिहार रवाना हुई।

ढाबे के पास से शुरू हुई थी रेकी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 15 अगस्त को सभी आरोपी एक राय होकर वाड्रफनगर क्षेत्र में पहुंचे थे। पंचवटी ढाबे के पास से उन्होंने सोनू कुमार चौधरी के पिकअप वाहन क्रमांक BR 26 GC 3631 और मोटरसाइकिल क्रमांक MH 15 KR 7977 से इलाके की रेकी की। आरोपियों ने 15 अगस्त से 16 अगस्त तक दुकान और आसपास के क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद 16 और 17 अगस्त की दरम्यानी रात लोहे के सब्बल से अरविंद ज्वेलर्स का शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और चांदी व गिल्ट के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।

60 हजार रुपए किलो में बेचने की थी तैयारी

पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की गई ज्वेलरी को दिनारा निवासी सुनील कुमार सोनी को करीब 60 हजार रुपए प्रति किलोग्राम की दर से बेचने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर सुनील कुमार सोनी के कब्जे से चोरी की गई चांदी की ज्वेलरी बरामद हुई। चोरी के आभूषणों को गलाकर चांदी की सिल्लियां बना दी गई थीं। पुलिस ने करीब 14.175 किलो चांदी बरामद कर जब्त कर ली।

पिकअप, बाइक, सब्बल और मोबाइल भी जब्त

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन BR 26 GC 3631, मोटरसाइकिल MH 15 KR 7977, लोहे का सब्बल, मोबाइल फोन और 1,000 रुपए नकद भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, चोरी की संपत्ति को अपने कब्जे में रखने और चोरी की संपत्ति का स्वरूप बदलने के तथ्य सामने आने पर प्रकरण में धारा 317(2) और 5 BNS भी जोड़ी गई।

गिरफ्तार आरोपी

  1. सोनू कुमार, पिता उपेंद्र चौधरी, उम्र 21 वर्ष, निवासी शंभू डिहरी, थाना दिनारा, जिला रोहतास, बिहार।
  2. शंकर चौधरी, पिता दरोगा चौधरी, उम्र 55 वर्ष, ग्राम अलीगंज, थाना सूर्यपुरा, रोहतास, बिहार।
  3. नरेन्द्र चौधरी, पिता स्व. रामप्रवेश चौधरी, उम्र 40 वर्ष, डिहरी, थाना दिनारा, रोहतास, बिहार।
  4. ललित चौधरी, पिता उमा चौधरी, उम्र 19 वर्ष, सीताबिगहा, सासाराम, जिला रोहतास, बिहार।
  5. राजकुमार चौधरी, पिता सुनील चौधरी, उम्र 20 वर्ष, चिलबिला, थाना दिनारा, रोहतास, बिहार।
  6. अंगद चौधरी, पिता स्व. रामप्रवेश चौधरी, उम्र 24 वर्ष, संबूडीहरी, थाना दिनारा, रोहतास, बिहार।
  7. सुनील कुमार सोनी, पिता स्व. रामबकल, उम्र 38 वर्ष, दिनारा, जिला रोहतास, बिहार।